Welcome to erishikesh.com
Welcome to erishikesh.com

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलेगी बीटल्स आश्रम को पहचान

आज से स्वर्गाश्रम में चलेगा तीन दिवसीय बीटल्स महोत्सव, मुख्यमंत्री धामी करेंगे उद्घाटन, कार्यक्रम में 15 देशों के मेहमान करेंगे शिरकत


ऋषिकेश 27-Oct-2023 । आज से स्वर्गाश्रम में "द बीटल्स, द गंगा' फेस्टिवल का आगाज होगा। महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। आयोजन से चौरासी कुटिया को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। महोत्सव में करीब 15 देशों से -विदेशी मेहमान शिरकत करेंगे।

बृहस्पतिवार को मुनिकीरेती स्थित जीएमवीएन गंगा रिजार्ट में पौड़ी जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने पत्रकारवार्ता के दौरान कहा कि महोत्सव में स्वर्गाश्रम और लक्ष्मणझूला क्षेत्र में संचालित योग केंद्र के योगाचार्यों और योग साधकों को भी बुलाया गया है। महोत्सव में संगीत प्रस्तुति के साथ स्थानीय उत्पाद का स्टॉल लगाया जाएगा, साथ ही मोटे अनाज से बने व्यंजन परोसे जाएंगे। महोत्सव में गढ़वाली लोक संस्कृति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।


स्थानीय उत्पादों के स्टॉल पर महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में रहेंगी।


28 अक्तूबर को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज भी उपस्थित रहेंगे। महोत्सव के दौरान योग, ध्यान, पर्यटन के अतिरिक्त नमामि गंगे पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विदेशी पर्यटकों के लिए भी पश्चिमी संगीत के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें बीटल्स से संबंधित संगीत और भावातीत योग, ध्यान के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी।

महोत्सव वानप्रस्थ आश्रम, परमार्थ निकेतन और महर्षि महेश योगी की

बीटल्स कुटिया में होंगे। जिसके लिए 84 कुटिया को सजाया संवारा जा रहा है। इस महोत्सव का बीटल्स आश्रम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फलक पर पहचान दिलाना है। इस मौके पर एसडीएम पौड़ी की स्मिता परमार, एसडीएम यमकेश्वर अनिल चन्याल उपस्थित रहे।


बीटल्स महोत्सव में लगेंगे 19 विभागीय स्टाल


बीटल्स महोत्सव में 19 विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉल में दो स्टाल पर पहाड़ी खाना मिलेगा। दो स्टॉल फूड कोर्ट के होंगे। एक स्टॉल उद्योग विभाग की ओर से लगाया जाएगा। एक स्टॉल मोटे अनाजों का लगाया जाएगा। एक स्टॉल बाल विकास विभाग की ओर से लगाया जाएगा। पांच स्टॉल एनआरएलएम और दो स्टॉल अन्य संस्थाओं की ओर से लगाए जाएंगे।


वर्ल्ड हेरीटेज की तर्ज पर होगा रखरखाव


जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि बीटल्स आश्रम को यूनेस्को वर्ल्ड हेरीटेज साइट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए कंसलटेंसी एजेंसी का चयन की प्रक्रिया जारी है, कंसलटेंसी एजेंसी के मिलने के बाद एजेंसी इसका रखरखाव करेगी। बताया कि स्वर्गाश्रम से चौरासी कुटिया की ओर जाने वाली सड़क ★ को बीटल्स स्ट्रीट के नाम से बनाया जाएगा। बीटल्स दीवार का भी निर्माण किया जाएगा। बीटल्स में भारतीय संस्कृति के उत्थान के लिए काम किए गए थे। इसलिए महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।